सिंगोली। तहसील के ग्राम बड़ी में स्थित सोलर पावर प्लांट के गार्ड आज से अनिश्चित कालीन सामूहिक हड़ताल पर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील के ग्राम बड़ी में वर्तमान में एक बड़े सोलर पावर प्लांट का कार्य प्रगति पर है जिसकी निगरानी के लिए पावर प्लांट मैनेजमेंट द्वारा न्यूनतम वेतन पर 30 से अधिक गार्ड रखे गए हैं।
गार्डों ने बताया कि सोलर प्लांट द्वारा न्युनतम वेतन पर हमे रखा गया है तथा अन्य कोई जैसे जूते, मोजे, टॉर्च आदि अन्य सुविधा भी नही दी जा रही है जिससे हमे काम करने में परेशानी उठाना पड़ रही है।
गार्डों ने बताया कि वर्तमान में महंगाई के दौर में हमे मात्र साढ़े आठ हजार रुपए का मासिक न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है जबकि हमारी मांग 12000 रुपए प्रतिमाह की है। हमने वेतन बढ़ाने और अन्य सुविधाओं के लिए टाटा सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों को 15 दिन पहले लिखित में दिया था लेकिन आज दिन तक हमारी मांगों को लेकर सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों ने कोई भी सकारात्मक रुख नहीं अपनाया जिसके चलते हमे हड़ताल करने पर मजबूर होना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि यदि हमारा वेतन नहीं बढ़ाया जाता है तो कोई भी गार्ड काम नहीं करेगा और हड़ताल निरंतर जारी रहेगी।
हड़ताल के दौरान विशाल शर्मा, अशोक धाकड़, सुनील सोनी, बाबूलाल गुर्जर, विशाल मेघवंशी, नरेंद्र जोशी, अनिल शर्मा, जुगल शर्मा, इरफान मंसूरी, मुकेश भील, भोजराज गुर्जर सहित अनेक सोलर प्लांट में कार्यरत गार्ड और गनमैन उपस्थित थे।