मनासा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बड़कुआ गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की लाश उसी के खेत पर पलंग पर मिली। दरअसल, बड़कुआ गांव के रहने वाले किसान बसंतीलाल कुशवाहा उम्र करीब 40 वर्ष अपने खेत पर रोजाना की तरह अफीम की खेती की रखवाली करने गए थे। मगर जब सुबह वे काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खेत पर जाकर उनकी तलाश की।
जहां बसंतीलाल का शव रखवाली के लिए बनाए गए पलंग पर मिला। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घटना की जानकारी मनासा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से मृतक के शव को मनासा के शासकीय चिकित्सालय भेजा। जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
मृतक किसान बंसीलाल का अफीम की सीपीएस पद्धति से खेती करने का लाइसेंस मिला हुआ था। खेत से अभी डोडे तोड़े नहीं गए थे। इसके चलते वह रोजाना खेत पर रखवाली के लिए रात को सोने जाता था। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। वहीं पुलिस मामले में हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।