सागर। फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की रंगभरी एकादशी पुष्य नक्षत्र और रवि योग में मनाई गई। शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान का एकादशी पर विशेष श्रृंगार कर अबीर-गुलाल चढ़ाई गई। जिसमें मुख्य रूप से श्रीदेव बांके राघवजी मंदिर, द्वारकाधीश मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, काकागंज राम दरबार समेत अन्य मंदिरों में भगवान का एकादशी का अभिषेक कर नई पोशाक के साथ श्रृंगार हुआ। बड़ा बाजार स्थित श्रीदेव बांके राघव जी मंदिर में रंगभरी एकादशी पर भजन संध्या में होली के पद गायन हुए। पुजारी निताई दास ने बताया कि सुबह ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया गया।
शाम को नई पोशाक के साथ एकादशी का विशेष श्रृंगार कर संध्या आरती के बाद होली के पद गायन के साथ ही भक्त ठाकुरजी को गुलाल चढ़ाई गई। वहीं तिली स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में विराजमान भगवान राम जानकी का पुजारी शिवप्रसाद तिवारी द्वारा अभिषेक पूजन कर विशेष श्रृंगार किया गया।
होली के पदगायन व भगवान को गुलाल चढ़ी
सत्यनारायण घाटी स्थित श्रीदेव द्वारकाधीश मंदिर में रंगभरी एकादशी फागें गाई गई। मंदिर की उत्सव समिति के शिवम सोनी ने बताया कि सुबह भगवान द्वारकाधीश का दूध एवं गंगाजल से एकादशी का विशेष अभिषेक हुआ। दोपहर 11रू30 बजे राजभोग आरती में विभिन्न प्रकार के ऋतु फलों का भोग लगा। शाम को 7 बजे से होली के पद गायन व फागों का गायन किया गया। सभी भक्तों ने भगवान को गुलाल चढ़ाई।
हनुमान मंदिर में गुलाल चढ़ाकर 31 दीपों से हुई आरती
काकागंज स्थित राम दरबार में रंगभरी एकादशी पर भगवान राम जानकी का 11 किलो फूल व अबीर गुलाल से श्रृंगार किया गया। पुजारी विनय शुक्ला ने बताया कि सुबह 11 बजे भगवान का 5 नदियों के जल से जलाभिषेक किया गया। दोपहर 12 बजे राजभोग आरती में नई पोशाक से एकादशी का विशेष श्रृंगार कर फलाहारी व्यंजन का भोग लगाया गया। राम रक्षा स्तोत्र का पाठ कर 31 दीपों से एकादशी की विशेष आरती हुई।
संध्या आरती के बाद रामायण पाठ हुआ
कोतवाली रोड स्थित श्रीदेव लक्ष्मीनारायण मंदिर में रंगभरी एकादशी पर महिलाओं ने भगवान के साथ पुष्पों की होली खेली। पुजारी दीपेश गौतम ने बताया कि सुबह 7रू30 बजे भगवान की मंगला आरती के बाद दूध, गंगाजल से अभिषेक हुआ। शाम को नई पोशाक से भगवान का एकादशी का विशेष श्रृंगार किया गया। संध्या आरती के बाद महिला रामायण मंडली द्वारा रामायण का पाठ एवं होली के पद गायन के साथ पुष्पों की होली खेली गई।
दीपदान व भजन कीर्तन के साथ किया रात्रि जागरण
बड़ा बाजार स्थित रामबाग मंदिर में एकादशी पर भगवान राम-जानकी का अभिषेक पूजन कर वस्त्र बदले गए। पुजारी हरिशरण उपाध्याय ने बताया कि भगवान का अभिषेक किया गया। इसके बाद एकादशी व्रत की कथा सुनाकर महिलाओं द्वारा सामूहिक दीपदान किया गया। शाम को एकादशी का विशेष श्रृंगार कर भजन कीर्तन के साथ रात्रि जागरण हुआ।