नीमच। लोकसभा चुनाव से पहले नीमच की सियासत में बड़ा उलटफेर हुआ है। शहर के दिग्गज कांग्रेस नेता उमराव सिंह गुर्जर ने गुरूवार को कांग्रेस का साथ छोड़ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके बाद से ही आरोप-प्रत्यारोप व बयानों का दौर चल निकला है। इसी बीच आज शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय गांधी भवन में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। एक-दूसरे को मिठाईयां भी खिलाई। इसके अलावा जिलाध्यक्ष अनिल चौरसिया, पूर्व विधायक संपत स्वरूप जाजू, कांग्रेस नेता तरूण बाहेती सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देकर तंज भी कसा।