शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया लगातार अपने लोकसभा क्षेत्र शिवपुरी - गुना का दौरा कर रहे है और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार में लग गए है । केंद्रीय मंत्री अपने तीन दिवसीय दौरे पर आज शिवपुरी में थे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए, पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की उसके बाद विशेष रूप से आयोजित मातृ शक्ति सम्मेलन में शिवपुरी की हज़ारों महिलाओं को सम्बोधित किया ।
केंद्रीय मंत्री ने अपने अभिभाषण में कहा, हमारा देश हज़ारों साल से नारी के आगे नतमस्तक व पूजन करने वाला देश है। मां भारती के सिद्धांत, संस्कार को हमको आगे ले जाना है, उच्च मूल्य और सिद्धांत हमें अपनी आने वाली पीढ़ी में उत्पन्न करना है वो घर की महिला, घर की लक्ष्मी, देश की दुर्गा यानी हमारी मातृ शक्ति द्वारा किया जाता है। हमारे देश मातृ शक्ति की पूजा सदियों से जा रही है, जहां राम होते है तो उनके बग़ल में मां सीता भी होती है। देश के हर घर मां के स्वरूपों का पूजन होता है जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं।”
केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पार्टी को जमकर कोसा । उन्होंने कहा, 65 वर्षों में नारियों का सम्मान नहीं किया जाता था, उनका अधिकार नहीं दिया जाता था, 65 वर्षों में नारियों के ख़लिफ़ अपराध जारी थे, दिल्ली में विभत्स कांड होते थे लेकिन जिस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हाथ में कमान आई उसी दिन उन्होंने एक संकल्प लिया की माँ भारती को विश्व गुरू बनाना है और इस अभियान में प्रथम पंक्ति में किसी को उन्होंने जोड़ा तो देश की मातृ शक्ति को जोड़ा है और मातृ शक्ति के बिना देश आत्म निर्भर नहीं बन सकता है ।केंद्रीय मंत्री ने स्वयं सहायता समूह की बात की केंद्रीय मंत्री ने कहा आज देश में 20 करोड़ महिलाए स्वयं सहायता समूह बनाकर ना सिर्फ़ अपना घर चला रही है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की भी दृढ़ कर रही हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उत्साह और उमंग के पर्व होली शिवपुरी में बच्चों के बीच पहुंचकर मनाया। उन्होंने बच्चों को हलवा पूरी बांटी, उनके साथ ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया और और सभी को अपना आशीर्वाद दिया, जिससे सभी बच्चों में एक नई ऊर्जा भर गयी।