मंदसौर। भानपुरा थाना क्षेत्र के अंत्रालिया गांव में खेत के रास्ते के लिए शुक्रवार को हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आज शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक लालचंद का शव लेकर एम्बुलेंस गांव पहुंची। जहां परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मौके पर एसडीएम चन्दर सिंह सोलंकी, गरोठ एसएसपी हेमलता कुरील, मंदसौर एसपी गौतम सोलंकी, तहसीलदार, एसडीओपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और समझाइश दी।
थाना प्रभारी को हटाने की मांग पर अड़े-
इस दौरान ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को हटाने और आरोपियों के अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को सहायता राशि देने सहित घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की। बहरहाल दोपहर ढाई बजे तक परिजनों और प्रशासन के बिच सुलह के रास्ते पर बात होती रही। लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे। इसके बाद प्रशासन का अमला बुलडोजर लेकर पहुंचा और आरोपियों के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
यह था मामला
भानपुरा के नत्रालिया गांव में शुक्रवार को खेत के रास्ते की बात पर सुथार और भाट समाज के लोगों के बीच विवाद हो गया। इसमें भाट समाज के देवीलाल, विष्णु और उसके 20-30 साथियां ने मिलकर लाठियों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें 70 वर्षीय लालचंद पिता भंवर लाल सुथार की मौत हो गई। वहीं घटना में दोनों पक्षों के 9 से अधिक लोग घायल हो गए जिनका उपचार जिला अस्पताल मंदसौर में किया जा रहा है।