उज्जैन। दिल्ली की मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर कपिल सिंह कश्मीर की अमरनाथ गुफा से रामेश्वरम तक की पैदल यात्रा पर निकले हैं। कपिल अब तक 2000 किमी की यात्रा कर महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। यहां उनकी पत्नी समेत परिवार के लोगों ने हौसला बढ़ाया।
कपिल अमरनाथ से जल लेकर रामेश्वरम तक की करीब साढ़े तीन हजार किलोमीटर की पैदल यात्रा पर 30 जून को निकले थे। कपिल ने बताया कि अमरनाथ से गोल्डन टेम्पल, महाकाल मंदिर ओंकारेश्वर मंदिर, आदि योगी बाबा दर्शन करते हुए रामेश्वरम में दर्शन करेंगे।
कपिल अपनी यात्रा के दौरान रोज पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश देते हैं। अमरनाथ से पैदल चलकर करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा 55 दिन में पूरी कर अब उज्जैन पहुंचे हैं। कपिल ने कहा खाने पीने और देखभाल के लिए साथ में एक गाड़ी भी चल रही है। रोजाना कई लोग बीच में मदद भी करते है, कई बार मंदिर में सो जाते हैं।
कपिल ने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनी ने मेरे प्रण को देखते हुए मुझे चार महीने की छुट्टी दी है। अगले दो माह में करीब 1500 किमी और पैदल चलकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा।