नीमच। समाज सेवा में मुख्य भूमिका निभाने वाले अरुल अशोक अरोरा अब खेलों के प्रति भी खास रुचि लेकर विशेष भूमिका निभाने को तैयार है। अरुल अशोक अरोरा के नेतृत्व में सब जूनियर गर्ल्स फुटबॉल नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन माह सितंबर में होगा। जिसमें फाइट ऑफ़ नाइट अकैडमी और साक्षी सुरक्षा फाउंडेशन का सहयोग रहेगा। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ और नीमच जिला फुटबाल संघ के तत्वावधान में खेली जाएगी। नीमच के फुटबाल प्रेमियों को बेहतरीन खेल की शानदार सौगात मिलेगी। प्रतियोगिता 8 सितंबर से 17 सितंबर के मध्य होगी।
राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर कार्यालय का शुभारंभ विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के कर कमलों से किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल की प्रतियोगिता में पदक विजेता रहे किर्तिराज सिंह चुंडावत और नेशनल फुटबॉल टीम में नीमच का नाम गौरवान्वित करने वाले अनंत शर्मा का अभिनंदन किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस फुटबाल प्रतियोगिता में देश के 15 राज्यों की नामी गिरामी टीमें हिस्सा लेगी और 450 खिलाड़ी अपने खेल का जौहर दिखाएंगे। टूर्नामेंट के लिए राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम, सीआरपीएफ और नीमच शहर के विभिन्न खेल मैदानों को तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, सुरेंद्र सेठी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।