मंदसौर। सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव देश भर में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है। जन्माष्टमी से पहले मंदसौर शहर में ग्वाला समाज ने वाहन रैली का आयोजन किया। इसमें समाज के लोगों ने शहर में वाहन रैली निकालकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर ग्वाला समाज द्वारा शहर में शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। वहीं शाम को दही हांडी सहित विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समाज के गोविंद सुरा ने बताया कि ग्वाला समाज के आराध्य देव भगवान श्री कृष्णा के जन्मोत्सव से पहले शहर में वाहन रैली निकाली गई।
वाहन रैली सत्संग भवन से शुरू हुई जो शहर के प्रमुख मार्गों माहेश्वरी धर्मशाला, लक्कड़ पीथा, राम टेकरी, महाराणा प्रताप बस स्टैंड, नयापुरा कला खेत होते हुए गांधी चौराहा पहुंची। जहां समाज के आराध्य देव हरदेव लाला मंदिर पर भगवान की आरती के साथ वाहन रैली का समापन किया गया।