सिंगोली। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सिंगोली पहुंचे नवागत नीमच जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली।
इससे पूर्व स्थानीय डाक बंगले पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़ एवं प्रेस क्लब सिंगोली द्वारा शॉल श्रीफल के साथ सम्मान करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने नगर की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधी कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम राजेश शाह, तहसीलदार राजेश सोनी, नायब तहसीलदार भगवान सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार शत्रुघ्न चतुर्वेदी, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, थाना प्रभारी बीएल भाबर, प्राचार्य राजेंद्र जोशी, नगर परिषद वरिष्ठ लेखापाल कपिल सिंह राजावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक और पत्रकार गण उपस्थित थे।