नीमच। जिले में फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ था। लेकिन आज शनिवार दोपहर में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज धूप के बीच आसमान में बादलों ने डेरा जमाया। कुछ ही देर बाद नीमच शहर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया जो करीब एक घंटे तक जारी रहा। जोरदार बारिश से सड़कों व नालियों में बारिश का पानी बह निकला। वहीं नागरिकों को भी तेज धूप व उमस से निजात मिली।

आपकों बता दें कि जिले का बारिश का कोटा लगभग पूरा हो चुका है। जिले में चालू वर्षाकाल में अब तक औसत 812.3 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष इस अवधि में जिले में औसत 533.1 मि.मी. वर्षा हुई थी। मध्यप्रदेश में 1 सितंबर से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होगा। इससे पूरा प्रदेश भीग जाएगा। 35 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है।
आईएमडी भोपाल के वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया सिस्टम एक्टिव है। दूसरी ओर मानसून ट्रफ ऊपर से गुजर रही है। इसके असर से शनिवार को ज्यादा जिलों में तो तेज बारिश नहीं होगी, लेकिन 1 से 3 सितंबर तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश का दौर शुरू होगा। लो प्रेशर एरिया सिस्टम का असर बढ़ने से ऐसा होगा।
