चित्तौड़गढ़। लोकदेवता बाबा रामदेव जी का 5 दिवसीय मेला प्रताप नगर स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर पर आयोजित किया जायेगा। 1 सितम्बर से आयोजित पांच दिवसीय मेले में विभिन्न प्रकार के आयोजन किये जाएंगे। बाबा रामदेव जी मेला महोत्सव समिति के आयोजकों ने बताया कि बाबा रामदेव महाराज का प्रतिदिन जीवन चरित्र पर खेल का भी आयोजन होगा। वहीं विशेष झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रृंगार किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय मेले में एक सितम्बर रविवार को संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा। जबकि 2 से 4 सितम्बर तक प्रतिदिन रामदेव जीवन चरित्र का मंचन किया जायेगा। वहीं मेले के अंतिम दिन पांच सितम्बर को अखाड़ा प्रदर्शन के साथ विशाल शोभायात्रा पाडनपोल से रामदेव जी मंदिर तक निकाली जायेगी और सुबह हवन के बाद शाम को महाप्रसाद का आयोजन होगा।
मेला कमेटी ने सभी धर्मप्रेमी बन्धुओं और आम लोगों को पांच दिवसीय मेले के लिए आमंत्रित किया है। मेले को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही है। जिसमें घनश्याम लोट, राजेन्द्र जोनवाल, अर्जुन बैरवा, लक्ष्मीकांत बैरवा, मनोज कुमार बैरवा, संदीप बैरवा आदि जुटे हुए है।