नीमच। जल शक्ति अभियान के तहत फ्लेक्स बैनर के भुगतान में अनियमितता को लेकर नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापत द्वारा मेरे बारे में की गई शिकायत झूठी और निराधार है। उन्होंने पहले भी मेरे खिलाफ कई अनर्गल आरोप लगाए, लेकिन एक भी आरोप सिद्ध नहीं कर पाए।
यह बात नीमच नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने चंद्र भंवर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। बताते चलें कि पार्षद योगेश प्रजापत द्वारा नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और अन्यों के खिलाफ फ्लेक्स बैनर भुगतान में कथित अनियमितता के संबंध में लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई है। स्वाति चोपड़ा ने इस बारे में पत्रकारों को बताया कि रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति 13 अप्रैल 2022 को हुई थी। ऑनलाइन निविदा 22 मई 2022 को जारी की गई। वित्तीय स्वीकृति 3 अगस्त 2022 को प्रदान की गई। कार्य आदेश 10 अगस्त 2022 को जारी हुआ। इन सारी प्रक्रिया के दौरान मै अध्यक्ष नहीं थी। मेरे पास भुगतान का प्रकरण जब आया तब तक सारे काम निर्धारित नियम अनुसार हो चुके थे।जनप्रतिनिधि होने के नाते लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में कार्य को निरंतर आगे बढ़ाना मेरी जिम्मेदारी है। पत्रकारों से मुखातिब स्वाति चोपड़ा ने कहा कि लीज नवीनीकरण, नर्सिंग कॉलेज की भूमि के अलॉटमेंट, 36 बी भूखंड, सिंधी पुनर्वास में वकील बदलने के मामले संबंधित आदि मामलों में जितने भी आरोप योगेश प्रजापत द्वारा लगाए गए सभी बेबुनियाद है। शहर की एक इंच जमीन भी इधर से उधर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा और मेरी छवि खराब करने के लिए योगेश प्रजापत माफी मांगे। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि योगेश प्रजापत सही है तो बीच बाजार भारत माता चौराहा पर मेरे साथ तथ्यात्मक आधार पर बहस करे, मैं तैयार हूं। मैं सच्चे मन से शहर की सेवा करना चाहती हूं।