नीमच। शहर के विभिन्न क्षेत्रों के खानपान सामग्री के फूटकर व्यापारियों ने आज विधायक दिलीप सिंह परिहार से अपनी समस्या को लेकर मुलाकात की। उनका कहना था कि पुलिस द्वारा कल रात 11 बजे अंबेडकर मार्ग स्थित अग्रवाल आइसक्रीम के दुकानदार मनोज अग्रवाल को दुकान बंद कराने की बात को लेकर थाने ले जाकर 2 घंटे बिठा दिया गया। जिसे लेकर दुकानदार नाराज दिखाई दिए।

दुकानदारों ने विधायक दिलीप सिंह परिहार को बताया कि हम पर साढ़े दस, ग्यारह बजे से ही पुलिस दुकान बंद करने के लिए दबाव बनाती है। हमारी ग्राहकी रात को नौ, साढ़े नौ बजे करीब शुरू होती है। यदि दुकान 11 बजे बंद भी करना शुरू करें तो समान समेटने में समय लगता है। ऐसे में दुकानदारों के साथ पुलिस द्वारा असम्मान जनक भाषा का प्रयोग किया जाता है। जिससे हमारे आत्म सम्मान पर ठेस पहुंचती है। जल्द दुकान बंद करने से व्यापार प्रभावित होता है।

दुकानदारों ने कहा कि हमें दुकान बंद करने का पौने बारह बजे तक का समय दिया जाए। ताकि निर्धारित समय पर दुकान बंद करने में सुविधा हो सके। अमूमन होता है कि पुलिस तब दुकान बंद करने का कहती है, जब ग्राहक परिवार के साथ बैठे होते हैं। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने दुकानदारों की बात सुनने के बाद सहयोग करने का आश्वासन देते हुए कहा कि आपसी तालमेल बिठाकर दुकान रात में पौने बारह बजे तक बंद कर दें।
