नीमच। श्याम भक्तों के विशाल समूह द्वारा आज अंचल की आस्था और विश्वास के प्रतीक नीमच नरेश बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा शहर में खाटू श्याम की तर्ज़ पर निकाली गई। विशाल निशान यात्रा मंशापूर्ण हनुमान मंदिर डुंगलावदा से प्रारंभ हुई। यह निशान यात्रा 8 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। जो कि कनावटी,कलेक्टर चौराहा, लायंस पार्क,विजय टॉकीज, फवारा चौक,बारादरी, जाजू बिल्डिंग होते हुए ख्यात नाम श्याम धाम पहुंचकर समाप्त होगी।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने बताया कि यात्रा में करीब 600 से अधिक लोग निशान लेकर शामिल हुए हैं। श्याम प्रेमी डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के साथ नाचते झूमते चले। देर शाम तक नीमच नरेश के दरबार में पहुंचकर सैकड़ो श्रद्धालु अपने-अपने निशान बाबा को अर्पित कर शीश नवाएंगे और प्रार्थना करेंगे। निशान यात्रा का कनावटी में मोरवीनंदन मित्र मंडल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जगह जगह स्वागत के साथ प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी हुआ। जय श्री श्याम के गगन भेदी जयकारों से शहर गूंज उठा। बताते चले कि बावड़ी वाले बालाजी स्थित श्री श्याम मंदिर में 9 नवंबर से 13 नवंबर तक श्री श्याम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान 10 नवंबर को श्री श्याम संकीर्तन, 11 को भव्य आतिशबाजी, 12 को शाही श्रृंगार दर्शन और 13 को पावन ज्योत दर्शन के कार्यक्रम आयोजित होंगे।