सिंगोली। थानांतर्गत तिलस्वां घाट में शनिवार शाम घरेलू गैस सिलेंडर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हालांकि बड़ी दुर्घटना टल गई, लेकिन अजमेर राजस्थान निवासी चालक ताराचंद घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सिंगोली पुलिस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। जहां घायल होकर वाहन में फंसे चालक को निकालकर सिंगोली हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार किया गया।

बताया जाता है कि घटना में घायल होने से पूर्व चालक ने वाहन को रोकने का काफी प्रयास किया था। ब्रेक फेल होने के बाद उसने वाहन को एक बार पहाड़ से टकराकर रोकने का प्रयास भी किया था। लेकिन तब ही अचानक सामने आए मोड़ से मुड़ने के बजाय वाहन घाट के रेलिंग को तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक 34 वर्षीय वाहन चालक ताराचंद नसीराबाद प्लांट से ट्रक में घरेलू गैस सिलेंडर भरकर सिंगोली आ रहा था। तब ही शनिवार शाम करीब 5 बजे तिलस्वां घाट में अनियंत्रित होने के बाद ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
