बड़ी सादड़ी। ब्रह्मपुरी में स्थित भगवान लक्ष्मी नारायण के मंदिर पर शनिवार रात्रि को अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर निज मंदिर में छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन और अन्नकूट का प्रसाद लेने भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। नगर का प्रमुख व प्रसिद्ध भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर पर अन्नकूट महोत्सव का आयोजन समस्त माहेश्वरी समाज बड़ी सादड़ी एवं नगर वासी के माध्यम से करवाया गया।
मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया
बता दें कि अन्नकूट महोत्सव के तहत शाम 7 बजे मंदिर पर पुजारी शिवराज द्वारा भगवान लक्ष्मी नारायण की महा आरती की गई व भगवान लक्ष्मी नारायण को 56 भोग धराया गया। आरती के पश्चात लगभग 3 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के बाहर प्रसाद वितरण के लिए भक्तजन टेबल लगाकर व्यवस्था में जुटे रहे। मंदिर के बाहर प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। देर रात 11 बजे तक प्रसाद वितरण किया गया।
बड़ी सादड़ी नगर के स्वर्णकार समाज की धर्मशाला एवं कुंड के पास स्थित नगर का प्रमुख प्रसिद्ध व प्राचीन कृत श्रृंगार बिहारी मंदिर पर शनिवार को भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया अन्नकूट महोत्सव से पूर्व मंदिर के पुजारी राकेश वैष्णव द्वारा कृत श्रृंगार बिहारी की आरती की गई। आरती के पश्चात कृत श्रृंगार बिहारी को छप्पन भोग धराया गया।
उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। अन्नकूट महोत्सव का आयोजन कृत श्रृंगार बिहारी एवं समस्त लक्ष्यकार समाज बड़ी सादड़ी व नगर वासियों द्वारा किया गया। देर रात 11 बजे तक मंदिर में प्रसाद वितरण किया गया। 4 हजार श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।