नीमच। जानलेवा हमले का शिकार युवा दीपक कटे हाथ और टूटे पैर लेकर अपनी पत्नी और परिजनों के साथ न्याय की गुहार लगाते आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत जयप्रकाश नगर निवासी दीपक की पत्नी पूजा ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया।आवेदन में पूजा अहिरवार ने बताया कि उसके पति दीपक पिता कनीराम अहिरवार के साथ 13 दिसंबर 2023 को आरोपी भेरूलाल पिता बगदी राम, घनश्याम पिता भेरुलाल,राहुल पिता भेरुलाल व अन्य आरोपियों द्वारा घेराबंदी कर मंदसौर जिले के बोतल गंज क्षेत्र में बुरी तरीके से मारपीट की गई। दीपक ने बताया कि मुझ पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने धारदार हथियारों से दीपक का हाथ भी काट दिया और दोनों पैर भी तोड़ दिए गए।अब वह अपाहिजों की जिंदगी जीने को मजबूर है।घटना की शिकायत पिपलिया मंडी थाने पर की गई है। दीपक के परिवार का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराएं दर्ज ना करते हुए मामूली धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया। जिससे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो सके।आवेदन में पीड़ित परिवार ने आरोपियों के विरुद्ध कठोर धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है। परिवार ने यह भी मांग की है कि हमारी परिस्थितियों को देखते हुए हमें आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।