नीमच। शहर के टाउन हॉल में आज शेख जमीअतुल अब्बास भिश्ती बिरादरी कल्याण समिति द्वारा विशाल निशुल्क शादी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस भव्य शादी सम्मेलन में राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न जगहों से आए आठ जोड़ों का निकाह शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी द्वारा पढ़े गए। नव विवाहित जोड़ों को गृहस्थी के 60 उपहार आयोजकों द्वारा भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। जिसमें बेड, अलमारी, मिक्सर, पंखे, सिलाई मशीन और घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल है।
शेख जमीअतुल अब्बास कल्याण समिति नीमच द्वारा आयोजित निशुल्क शादी सम्मेलन में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज़हीर अब्बासी, महिला विंग की अध्यक्ष असमा नसीर, दिल्ली से प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य शहजाद अब्बासी, अजमेर से हाजी शकील, रतलाम से हाजी यूसुफ, निंबाहेड़ा से इख्तियार हुसैन, इंदौर से हाजी वहीद, अफजल बाबा और नीमच से सलीम अब्बासी, मोहम्मद यूनुस, जब्बार अब्बासी, असलम अब्बासी, रफीक अब्बासी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन विशेष रूप से मौजूद रहे। शादी सम्मेलन में दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और देश के कई राज्यों से लोगों ने शिरकत की। इस अवसर पर समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले और बाहर से आए अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।।