रतलाम। शहर के जावरा फाटक अंडरब्रिज महावीर नगर की तरफ सड़क किनारे भेरुजी के ओटले से मूर्ति हटाने पर रहवासियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पुलिस को सूचना देने के 2 घंटे बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो क्षेत्रवासियों ने हिंदू संगठनों के साथ चक्काजाम कर दिया। बाद में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी पहुंचे और मूर्ति को स्थापित करवाया।
जावरा फाटक से लेकर सेजावता बायपास तक रोड का काम चल रहा है। महावीर नगर की तरफ अंडरब्रिज के पार बाल भेरु जी का स्थान है। कुछ दुकानें पास में स्थित हैं। रविवार रात इस स्थान पर अन्नकूट महोत्सव का भी आयोजन किया गया।
सोमवार सुबह क्षेत्र के लोग जब दर्शन के लिए पहुंचे को वहां भेरु की मूर्ति नहीं थी। लोगों ने इसकी सूचना थाने पर दी, लेकिन कोई नहीं आया। हिंदू संगठनों को जानकारी लगी तो वह भी पहुंचे। महावीर नगर की तरफ अंडरब्रिज के एक छोर पर रहवासी सड़क के बीच बैठ गए। सूचना मिलने पर तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, डीएसपी अजय सारवान व स्टेशन रोड पुलिस थाने से बल पहुंचा।
अधिकारियों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि क्षेत्र के दिनेश पटेल नामक व्यक्ति ने रात में भेरुजी की मूर्ति हटाकर अपने प्लाट के पीछे ओटला बनाकर स्थापित किया है। लोगों को कहना था कि बिना बताए एक व्यक्ति ने यह काम किया है। तब अधिकारियों ने पुनरू संबंधित से मूर्ति को लाकर पुराने स्थान पर स्थापित कराया। रहवासियों की मांग थी कि जिसने रातों रात मूर्ति हटाई है, उस पर कार्रवाई की जाए। दिनेश पटेल से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नहीं हो पाया।
विहिप के प्रखंड उपाध्यक्ष दीपांशु गुप्ता ने बताया कि सार्वजनिक मंदिर है। सालभर यहां पर धार्मिक आयोजन होते हैं। बीती रात को भी यहां अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। काफी साल से भेरुजी का स्थान है। रात में अज्ञात लोगों द्वारा प्रतिमा को हटा दिया। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। हमारी यह मांग है।
तहसीलदार ऋषभ ठाकुर ने बताया कि दिनेश पटेल नामक व्यक्ति ने भैरव बाबा की मूर्ति को हटाया था। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर पुनरू मूर्ति को उसी जगह स्थापित कराया है। संबंधित ने माफी मांगी है। पुलिस कार्रवाई की जाएगी।