नीमच। जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले खिमला प्लांट और बेसला गांव के बीच सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन को चलाते हुए बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय इको कार (आरजे 17 सीबी 4715) रामपुरा से बेसला की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार राधेश्याम पिता रामलाल मीणा (35) निवासी रावत नगर, बेसला की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार शंकरलाल पिता बंशीलाल भील (36) निवासी बेसला गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलने पर रामपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक और घायल को शासकीय चिकित्सालय रामपुरा भिजवाया। उपचार के दौरान शंकरलाल ने भी दम तोड़ दिया। रामपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में किया जाएगा।
