नीमच। नसीराबाद-महू हाईवे पर नीमच के यहां ग्रीन होटल के समीप सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों को जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित पिता मोहन शर्मा उम्र 27 वर्ष और अशोक पिता घीसालाल बामनिया उम्र 25 वर्ष सांवलिया जी दर्शन करके धार जिले स्थित अपने गांव लौट रहे थे। तभी नीमच हाइवे पर कुत्ते के मोटरसाइकिल में आ जाने से दोनों युवा दुर्घटना के शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के आधार पर ईएमटी स्टाफ राहुल पाटीदार और पायलट दशरथ व्यास ने प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को नीमच के जिला अस्पताल पहुंचाया है।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवाओं के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। घटना करीब दोपहर एक से 1.30 बजे के बीच की है।