सिंगोली। थाना क्षेत्र के ग्राम झांतला में 24 नवंबर को इलाज के दौरान चित्तौड़गढ़ राजस्थान में हुई युवती की मृत्यु के मामले में आज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में एकत्रित होकर फांसी दो फांसी दो के नारे लगाते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे जहां तहसीलदार राजेश सोनी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में आरोपित मुस्लिम युवक रोनक निवासी झॉतला पर लव जिहाद को बढ़ावा देने तथा हिन्दु-मुस्लिम की नियत से गांव की लड़की को शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवती ने परेशान होकर आत्म हत्या का रास्ता अपनाया। ऐसे में क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में क्षेत्र में व्याप्त अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शान्ति सोहार्द का माहोल कायम रखने हेतु आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की गई। ताकि भविष्य में किसी मासूम लड़की को अपनी जिन्दगी से हाथ न धोना पड़े।
इस दौरान मृतका के पिता ने भी एक आवेदन दिया जिसमें युवक की करतूतों का जिक्र करते हुए युवती की मौत के लिए आरोपित युवक को जिम्मेदार ठहराया तथा उसके अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग की गई।
ज्ञापन के दौरान भाजपा जिला मंत्री अशोक सोनी विक्रम, नगर परिषद उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, राधेश्याम धाकड़ आडवाणी, श्यामलाल धाकड़, प्रशांत पालीवाल, एडवोकेट राधेश्याम धाकड़, राकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।