नीमच। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर आगामी 4 दिसंबर 2024 दोपहर 1 बजे दशहरा मैदान नीमच में विशाल धरना प्रदर्शन कर आक्रोश रैली निकाली जाएगी। जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भारत माता चौराहा पहुंचेगी। जहां प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उक्त मामले को लेकर सोमवार को सनातन हिंदू समाज की ओर से अनुपाल सिंह झाला और रवि परिहार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुवे कहा कि बांग्लादेश में कट्टरपंथियों द्वारा चुन चुनकर अल्पसंख्यकों पर हमले हो रहे हैं। हिंदू समुदाय के घरों, मंदिरों को आग लगाई जा रही है। उनकी दुकानों को लूटा जा रहा है। बहन बेटियों के साथ बलात्कार किया जा रहा है। ऐसे में अल्पसंख्यक वर्ग देश छोड़ने को विवश हो रहा है। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार तत्काल बंद हो इस्कॉन के संन्यासी चिन्मय कृष्ण दास को अन्यायपूर्ण कारावास से मुक्त करें।
झाला ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं तथा अन्य सभी अल्पसंख्यकों पर इस्लामिक कट्टरपंथियों द्वारा हमले, हत्या, लूट, आगजनी तथा महिलाओं पर हो रहे अमानवीय अत्याचार अत्यंत चिंताजनक है। समस्त सनातनी हिंदू समाज इस की भर्त्सना करता है। वर्तमान की बांग्लादेश सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। नीमच जिले का समस्त सनातनी हिंदू समाज 4 दिसंबर 2024 को दशहरे मैदान नीमच में प्रदर्शन एवं रैली दोपहर एक 1 बजे प्रारंभ कर प्रधानमंत्री जी के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
अनुपम सिंह झाला ने बताया कि इस आयोजन में नीमच जिले के 30 से अधिक समाज प्रमुख ने अपनी सहमति प्रदान की है और व्यापारी वर्ग ने भी उक्त आयोजन के दौरान व्यापार बंद रख प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही है इस आयोजन में हजारों की संख्या में सर्व हिंदू समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।