नीमच। शहर के सीएम राइज़ स्कूल का निर्माण शहर के मध्य हो,यह आवाज़ बुलंद करते हुए पालक महासंघ और कृति संस्था के सदस्य आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम दोनों संस्थाओं द्वारा ज्ञापन देकर पुरजोर मांग की गई कि जिला मुख्यालय पर सीएम राइज़ के निर्माण के लिए सबसे उपयुक्त जगह शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 ही है। डिप्टी कलेक्टर रश्मि श्रीवास्तव को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में जो जगह सीएम राईज़ स्कूल के लिए चयनित की गई है, वह शहर से दूर है। 40 करोड की लागत से बनने वाले स्कूल भवन में 2000 बच्चों की शिक्षा के लिए 40 बसों की आवश्यकता पड़ेगी, जिसके लिए जगह पर्याप्त नहीं है। हवाई अड्डा, औद्योगिक क्षेत्र, फ्लाईओवर ब्रिज आदि की वजह से भारी यातायात के चलते दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहेगी। स्कूल समय और मजदूरी का समय एक ही होने के चलते निम्न आय वर्ग के अभिभावकों को बच्चों को लाने ले जाने में दिक्कत होगी। आसपास हो रहे देह व्यापार के चलते सुरक्षित वातावरण नहीं मिलेगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि भोपाल से पीआईयू ने भी प्रस्तावित भूमि को उपयुक्त नहीं माना था। ज्ञापन में कहा गया है कि क्रमांक 2 स्कूल के पास 26 एकड़ जमीन है और सीएम राइज़ के लिए केवल 10 एकड़ चाहिए। पालक महासंघ और कृति के सदस्यों ने ज्ञापन में 10 तर्कसंगत कारणों का उल्लेख किया है। ज्ञापन का वाचन जगदीश शर्मा ने किया। इस अवसर पर बाबुलाल गौड़, किशोर जवेरिया, आशा सांभर, प्रियंका कवीश्वर, ऊषा मित्तल,बालकृष्ण सोलंकी,नागेश जोगणिया, नेहा, मंजू ,श्वेता, भावना, उषा सोनी आदि मौजूद रहे।