नीमच। आज भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान की क्षेत्रीय और केंद्रीय परिषद के लिए मतदान हो रहा है। इसी के तहत नीमच शाखा में भी मतदान जारी है। नीमच जिले के 197 चार्टर्ड अकाउंटेंट मतदाता मतदान में हिस्सा ले रहे है। केंद्रीय परिषद के लिए कुल 20 उम्मीदवार है, जिसमें चुनाव के माध्यम से छह उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय परिषद के लिए 28 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है, जिसमें 12 उम्मीदवार मतदान के माध्यम से चुने जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नीमच में आईसीएआई की शाखा खुलने के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं। चार्टर्ड अकाउंटेंट के चुनाव में भी दूसरे चुनावों की तरह हाईटेक प्रचार किया गया। बताते चलें कि भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्था के चुनाव हर तीन वर्ष में क्षेत्र वार आयोजित किए जाते हैं। मतदान में वरीयता की प्रणाली लागू रहती है। नीमच में मतदान सुबह 8:00 बजे से प्रारंभ रात 8 बजे तक चलेगा। नीमच के चार्टर्ड अकाउंटेंट मतदान में उत्साह के साथ बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सेंट्रल डिविजन में मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश,बिहार, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़,झारखंड 7 राज्य शामिल है।गौरतलब है कि निर्वाचित केंद्रीय परिषद ICAI को नियंत्रित करती है और पेशे के लिए महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लेती है। यह प्रक्रिया ICAI के भीतर लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और शासन सुनिश्चित करती है।