नीमच। स्वर्गीय डॉक्टर सुभाष वधवा की पुण्य स्मृति में आज नीमच के वधवा हॉस्पिटल पर निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल और भारत विकास परिषद नीमच के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉक्टर स्वप्निल वधवा ने बताया कि शिविर में न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर पंकज तापड़िया, कार्डियोलॉजिस्ट किन्नरेश ए बारिया और गैस्ट्रो स्पेशलिस्ट डॉक्टर अंकुर सेतिया ने अपनी सेवाएं दी। करीब 175 मरीजों ने शिविर का लाभ लेने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया। सिर दर्द, माइग्रेन, मस्तिष्क रोगों से जुड़े मरीज, लकवा, रीढ़ की हड्डी नसों की बीमारियां, हृदय रोगी, पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, लीवर से संबंधित रोगों से पीड़ित मरीजों ने शिविर में परामर्श लिया। निशुल्क परामर्श के साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी की निशुल्क जांच शिविर में की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मीना जायसवाल, भारतीय विकास परिषद के रीजनल सेक्रेटरी सुनील सिंहल बतौर अतिथि मौजूद रहे।