नीमच। जिले के भोलियावास रोड स्थित सैफी कॉलोनी के निवासियों ने आज मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत बरूखेड़ा के सरपंच मांगीलाल को एक ज्ञापन सौंपा। चूंकि सैफी कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। पूर्व में भी रहवासी अपनी समस्याओं से सरपंच को वाकिफ करा चुके हैं। आज फिर सैफी कॉलोनी के निवासियों ने समस्याओं के समाधान के लिए अपनी आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर कॉलोनी वासियों ने ग्राम पंचायत के सरपंच को सैफी कॉलोनी में आमंत्रित किया, और कॉलोनी की समस्याओं से अवगत कराया। कॉलोनी वासियों के द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि कॉलोनी में और कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मुहैया कराई जाए। साफ सफाई और कचरा गाड़ी की सुविधा के लिए आवश्यक उपाय की जाए गांव में पेयजल के लिए गांधी सागर का पानी हर घर नल व जल जीवन मिशन के तहत बरूखेड़ा गांव अंतर्गत स्थित सैफी कॉलोनी में लाया जाए। जिससे कॉलोनी वासियों की मूलभूत सुविधा से जूड़ी समस्याओं का समाधान हो सके। आवेदन देते समय सैफी कॉलोनी के रहवासी महिला पुरुष बड़ी संख्या में मौजूद रहे।