नीमच। सीताराम जाजू सागर बांध पर हो रही अवैध खेती और पानी चोरी की शिकायतों का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। कई बार ज्ञापन दिए गए। आवेदन और निवेदन किया गया। यहां तक की सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई। लेकिन कोई निराकरण नहीं हो पाया। हद तो तब हो गई जब आज राजेंद्र सिंह शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे और अधिकारियों से अनुरोध किया कि सीएम हेल्प लाइन में की गई शिकायत का निराकरण नहीं हो पा रहा है, तब अधिकारियों ने जवाब दिया कि तुम पांच क्या छह-सात शिकायतें भी कर दो, कारवाई नहीं होगी।
निराश राजेंद्र सिंह ने कहा कि अब जनसुनवाई में आने का कोई औचित्य नहीं। हमें आंदोलन की राह पकड़नी होगी। राजेंद्र सिंह ने बताया कि डेम प्रभारी द्वारा हमारी शिकायतों का झूठा निराकरण दर्ज करवा कर शिकायत को बंद करवाने पर जोर दिया जा रहा है। बार-बार मांग की जा रही है कि अवैध रूप से बोई गई फसल को नष्ट किया जाए और पानी चोरी रूकवाई जाए। राजेंद्र सिंह ने सवाल खड़ा किया है कि अगर डेम की भूमि से अतिक्रमण हटा दिया गया है, तो जीरन तहसीलदार ने किस आधार पर अतिक्रमण बता कर पिछले दिनों नोटिस जारी किए थे।