चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में लखारा समाज के तत्वावधान में ब्लड बैंक समिति भीलवाड़ा व युवा सेवा समिति के संयुक्त तत्वाधान में महात्मा गांधी अस्पताल भीलवाड़ा में आयोजित 9 वें रक्तदान शिविर में चित्तौड़गढ़ लखारा समाजजनों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
जानकारी देते हुए लखारा समाज के सत्यनारायण लखारा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी व जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर गौड़ ने किया। भीलवाड़ा ब्लड बैंक समिति के अध्यक्ष हितेश कुमार, युवा सेवा समिति के अध्यक्ष दुर्गेश व उनकी टीम के सदस्यों द्वारा किए गए अथक प्रयासों के चलते 251 यूनिट रक्त संकलित हुआ।
शिविर में चित्तौड़गढ़ व भीलवाड़ा सहित अजमेर, ब्यावर, केकड़ी, टोंक, मालपुरा के लखारा समाजजनों ने बढ़ चढ़कर रक्तदान में सहयोग दिया। शिविर का जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अवलोकन किया। शिविर में सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस दौरान विधायक कोठारी द्वारा हितेश लखारा के पुत्र अक्षत लखारा को शतरंज में अव्वल रहने सहित भामाशाहों व रक्तवीरों का सम्मान किया गया। शिविर के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर सभी रक्त प्रेरकों व रक्त वीरों को शुभकामनाएं दी गई।