मनासा। मंगलवार देर शाम 6 बजे करीब नीमच-मनासा रोड पर शासकीय अस्पताल के पास टीचर कालोनी के सामने एक सड़क हादसा हुआ। मनासा से कुंडखेड़ा जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति विजय पिता भारमल बंजारा निवासी कुंडखेड़ा उम्र 35 वर्ष को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वो सड़क किनारे खाई में जा गिरा और गंभीर घायल हो गया। वहीं देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और मुख्य रोड पर जाम लग गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में घायल व्यक्ति का कहना है जय श्री गणेश बस चालक ने उसे टक्कर मारी है। समय रहते घायल व्यक्ति को उपचार के लिए मनासा के शासकीय अस्पताल में भर्ती किया गया। मौके पर मौजूद मनासा थाना पुलिस ने रोड से जाम खुलवाया। वहीं मनासा पुलिस ने मामला जांच में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
