सिंगोली। कस्बा बेगूं रोड़ स्थित दीनबंधु विलास पर लाभ मुनि नेत्र चिकित्सालय के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा 320 से ज्यादा नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया। इस दौरान 175 रोगियों का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन हुआ है। ऑपरेशन हेतु चयनित सभी रोगियों को बस द्वारा मंदसौर स्थित लाभमुनि नेत्र चिकित्सालय पहुंचाया जाएगा। जहां सभी रोगियों का बिना टांकों के अत्याधुनिक मशीनों द्वारा जांच के बाद निः शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
मंगलवार देर शाम इस आशय की जानकारी देते हुए आयोजक नमन गांधी ने बताया कि जैन दिवाकर लाभ मुनि नेत्र चिकित्सालय एवं आत्म आभा साधना कुंज द्वारा स्वर्गीय लक्ष्मी लाल गांधी एवं तारा देवी गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित शिविर के दौरान आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों की पहचान करते हुए रोगियों को चिकित्सालय की तरफ से निशुल्क दवाईयां का वितरण कर आवश्यकता अनुसार जरूरी सलाह दी गई। शिविर मंगलवार सुबह 10 बजे से 3 बजे तक चला जिसमें कस्बा सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से आए 320 रोगियों का परीक्षण किया गया। जिनमें में से 175 रोगी ऑपरेशन हेतु पंजीयन किया गया। ऑपरेशन हेतु पंजीकृत सभी रोगियों को अलग-अलग तिथियों में 18, 20 और 22 दिसंबर को मंदसौर पहुंचाया जाएगा। जबकि कुछ रोगियों को आज ही मंदसौर पहुंचाया जा चुका है।
शिविर के दौरान कस्बे के वरिष्ठ जन प्रकाश चंद नागोरी, नाथूलाल गांधी और भगवतीलाल जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।