उज्जैन। फिल्म गदर-2 के अभिनेता उत्कर्ष शर्मा बुधवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नंदी हाल में दो घंटे बैठकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। फिल्मी सितारे उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए महाकाल मंदिर आते रहते हैं। इसी क्रम में उत्कर्ष शर्मा सुबह चार बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। शर्मा ने नंदी हाल में बैठकर बाबा महाकाल की आरती देखी और आरती खत्म होने के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन कर देहरी से दर्शन किए।
आरती उपरांत महेश पुजारी व पुरोहित पीयूष चतुर्वेदी व विपुल चतुर्वेदी द्वारा पूजन सम्पन्न करवाया गया। उत्कर्ष मंदिर की व्यवस्था को देखकर प्रसन्न नजर आए। उन्होंने कहा की महाकालेश्वर मंदिर समिति ने व्यवस्था अच्छी की है। भक्त बहुत आसानी से बाबा के दर्शन कर सकते हैं। मुझे तो बहुत ही अद्भुत दर्शन प्राप्त हुए। हर भक्त यहां आए और खुद भस्म आरती में शामिल होकर देखे। तभी यकीन होगा कि यह दुनिया की कितनी अद्भुत जगह है। यह एकमात्र जगह है जहां पर आपको भस्म आरती देखने को मिलती है। जरूर आइए श्री महाकालेश्वर मंदिर में जय श्री महाकाल।
बता दें कि उत्कर्ष गदर के डायरेक्टर अनिल शर्मा के बेटे हैं। उन्होंने गदर फिल्म में बाल कलाकार से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। गदर और गदर-2 में उत्कर्ष लीड रोल करने वाले सनी देओल के बेटे जीते के रूप में नजर आए थे।