चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा उप कारागृह, कपासन चित्तौड़गढ़ का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण सचिव द्वारा रसोई घर, बैरक, शौचालय, स्नानागार का निरीक्षण किया जाकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये तथा बंदियों से वार्तालाप कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विधिक सहायता के लिए संचालित प्रिजन लीगल एड क्लिनिक रजिस्टर की जांच गई जो समुचित पाई गईं।
सचिव ने बंदियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृद्ध बंदीजन एवं असाध्य रूप से बीमार बंदियों के लिए चलाए जा रहे अभियान से अवगत कराया। सचिव ने बंदियों को अभियान के उद्देश्य के बारे में बताते हुए जानकारी दी कि यह अभियान वृद्ध बंदियों एवं असाध्य रूप से बीमार बंदियों की पहचान कर प्रत्येक मामले के लिए उनकी रिहाई को सुविधाजनक बनाकर एक व्यक्तिगत रणनीति का विकास कर उनके लिए मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करता है। इस दौरान जेलर सीताराम, रमेश दशोरा डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल एवं गौरव टेलर असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल उपस्थित रहे।