दलौदा। गांव कुंचड़ोद के बस स्टैंड के समीप ट्रैक्टर की ट्राली के पहिए के नीचे आने से एक तीन वर्षीय बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय पिता अपने पुत्र के साथ बाइक लेकर निकल रहा था। समीप ट्रैक्टर निकल रहा था। अचानक बाइक का बैलेंस बिगड़ने से 3 वर्षीय बालक नीचे गिर गया। ट्राली के पहिए नीचे आने से बालक का सर कुचल गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर डायल 100 एवं अफजलपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द किया। शव का पंचनामा बनाकर, एंबुलेंस से धुंधडका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पीएम करवा कर शव परिजनों को सोंपा।
गुरुवार को दोपहर 3रू00 के करीब बस स्टैंड से सीहोर तरफ बिना नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर, चालक मुनेश मीणा दाऊद खेड़ी, मंदसौर लेकर जा रहा था। सड़क के किनारे ही हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर राम गिर गोस्वामी 25, अपने 3 साल के बेटे कार्तिक को लेकर निकल रहा था। तभी अचानक बाइक का बैलेंस बिगड़ने से बालक ट्राली के पहिए के आगे गिर गया। आवाज देकर ट्रैक्टर रूकवाते तब तक ट्राली का पहिया बालक के सर पर चढ़ चुका था। जिससे मौके पर ही बालक की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए हादसे के बाद भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ट्रैक्टर जप्त कर थाने भिजवाया। एवं ग्रामीणों ने ड्राइवर को पुलिस के सुपुर्द किया। अचानक हुए हादसे में बालक की मौत पर माता पिता सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने एवं बाईपास की मांग की-
ग्रामीणों ने बस स्टैंड पर दुकानों के बाहर अतिक्रमण को लेकर आक्रोश जताया। सूचना पर डायल 100 से हेड कांस्टेबल जितेंद्र श्रीवास्तव सहित पुलिस पहुंची। बीट प्रभारी एएसआई भैरू दास बैरागी सहित थाना प्रभारी समरथ सिनम भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से तेज निकलते ट्रैक्टर एवं डंपर की शिकायत की। बोले; डंपर चालक गिट्टी तय मात्रा से ज्यादा भर कर तेज गति से निकलते हैं। रास्ते में गिट्टी बिखरती जाती है। इससे भी हादसे होते रहते हैं। जहां हादसा हुआ वहां भी गिट्टी पड़ी हुई थी। रेत गिट्टी के ट्रैक्टर भी काफी तेज गति से निकलते हैं। रेत एवं इंटो के ट्रैक्टर एवं गिट्टी लेकर निकलते हुए डंपरों के निकलने के लिए बाईपास बनाया जाए। ताकि गांव में वाहनों की भीड़ के साथ हादसे भी ना हो।
थाना प्रभारी समरथ सिनम ने तुरंत डंपरों को दिन में निकालने के लिए क्रेशर मशीन वालों को मना किया। वही बाईपास के लिए पंचायत सरपंच से बात की। कहा; वैकल्पिक बाईपास निकालने की व्यवस्था तत्काल करेंगे। ताकि गिट्टी लेकर जा रहे डंपर, रेत मिट्टी एवं ईटों के ट्रैक्टर गांव के अंदर एवं बस स्टैंड से ना निकलते हुए, वैकल्पिक बाईपास से निकलेंगे।