नीमच। शहर में रोटरी क्लब और केयरवेल हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में आज विशाल निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन रोटरी सामुदायिक भवन में किया जा रहा है। शिविर में डायबिटीज, थाइरॉएड, बीपी, हार्ट अटैक, लकवा मरीज, खांसी में खून आना, फेफड़ों में पानी भरना, मौसमी बीमारियां, साइटिका, जोड़ों कमर एवं गर्दन का दर्द, पाइल्स, अपेंडिक्स, गले में सूजन, मुंह कैंसर रोग आदि की जांच की जा रही है। शिविर में करीब 500 रोगियों के रजिस्ट्रेशन हुए हैं। ब्रोन्कोस्कोपी मशीन से निशुल्क जांच की जा रही है। शिविर में डायबिटीज थायराइड विशेषज्ञ डॉक्टर रविंद्र पाटीदार, पथरी प्रोस्टेट रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएल बोरीवाल, मुख एवं गला कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुदीप श्रीवास्तव, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. दीपक शर्मा और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ प्रदीप जैन सेवाएं दे रहे हैं। शिविर 10 बजे से 2 बजे तक के लिए आयोजित किया गया है। स्पाइरोमेटरी मशीन द्वारा फेफड़ों की, बी 12, ब्लड प्रेशर और शुगर की निशुल्क जांच की जा रही है।