गरोठ। नगर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर सत्यनारायण मंदिर से तलवार लेकर शौर्य यात्रा निकाली, जो गरोठ के नए बस स्टैंड, सब्जी मंडी, हॉस्पिटल चौराहा, गांधी चौराहा, रामपुर दरवाजा, शामगढ़ रोड होते हुए वापस सत्यनारायण मंदिर पहुंची। यहां शाम 5.30 बजे इसका समापन हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। यात्रा की शुरुआत भारत माता और श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।
कार्यक्रम में जिला संयोजक राकेश आर्य, मंदसौर विभाग सत्संग प्रमुख शंकर सिंह, मंदसौर विभाग सह संयोजक दिग्विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सिसौदिया, उपाध्यक्ष कमल सिंह, जिला सेवा प्रमुख अंतिम सोनी, अंतिम मौर्य, जिला, प्रखंड, खंड एवं ग्राम समिति के कार्यकर्ता उपस्थित थे। मामले में जब हथियार लेकर जुलूस निकालने को लेकर एसडीओपी से पूछा गया तो उनका कहना था- मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैं वीडियो को दिखवाता हूं। विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक राकेश आर्य बताते हैं कि झंडे की सुरक्षा के लिए हथियार लेकर यात्रा में चलते हैं। यात्रा में शामिल बंदूक गुब्बारे फोड़ने की है।