नीमच। शहर के बघाना स्थित दादी मंदिर धाम पर आज दादी का भव्य मंगल पाठ होगा। मंगल पाठ में पश्चिम बंगाल की उषा सलामपुरिया स्वर लहरिया बिखेरेंगी। दादी रानी सती मंगल नीमच द्वारा आज दोपहर 2.00 बजे से दादी का भव्य मंगल पाठ आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर दादी राणी सती का अलौकिक श्रृंगार किया गया है। आज के आयोजन में अखंड ज्योत, पालना उत्सव, चुनरी उत्सव, विवाह उत्सव, अर्जी उत्सव, हल्दी मेहंदी उत्सव, सती उत्सव आदि कार्यक्रम भी होंगे। दादी धाम पर पांडाल को पूरी भव्यता के साथ सजाया गया है। सुमधुर भजनों और मंगल पाठ के माध्यम से भक्त दादी को रिझाएंगे। आज भक्तगण अपनी मनोकामनाओं की अर्जी दादी के चरणों में समर्पित करेंगे। दादी मंदिर धाम पर भव्य मंगल पाठ में बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है। बताते चलें कि दादी धाम की ख्याति दूर-दूर तक फैली हुई है। बड़ी संख्या में दर्शनार्थी यहां पहुंचते हैं।