चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाले फेडरेशन कप 2025 के लिए राजस्थान टीम के चयन के लिए एक दिवसीय ट्रायल प्रतियोगिता चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगी।
जानकारी देते हुए जिला कुश्ती संघ (ओ.प.) के अध्यक्ष शैलेन्द्र झंवर ने बताया कि बुधवार 26 फरवरी को आयोजित होने वाली इस एक दिवसीय ट्रायल में पूरे राजस्थान के सभी जिलों से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले पहलवान भाग लेंगे।
संघ के सहसचिव राजेन्द्र गगरानी ने बताया कि उक्त ट्रायल प्रतियोगिता 26 फरवरी को शहर में गंभीरी नदी के पास स्थित द्वारिकाधाम परिसर में अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्डों के तहत मैट पर आयोजित होगी। जिला कुश्ती संघ के सचिव रतन गुर्जर ने बताया कि चित्तौड़गढ़ में फेडरेशन कप की राजस्थान टीम के चयन के लिए ट्रायल फ्री स्टाईल सीनियर वर्ग व महिला सीनियर ग्रुप में आयोजित होगी जबकि ग्रीको रोमन के लिए चयन प्रतियोगिता 2 मार्च को झुंझुनु में आयोजित होगी।
संघ के कोषाध्यक्ष भंवरसिंह चौहान ने बताया कि अण्डर-23 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2024 के पदक विजेता पहलवान, राज्य स्तरीय सीनियर प्रतियोगिता के पद विजेता एवं अण्डर-17 व अण्डर - 20 के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता पहलवान इस ट्रायल में भाग लेने हेतु पात्र होंगे। प्रतियोगिता में 20 वर्ष एवं इससे अधिक उम्र के पहलवान पात्र होंगे साथ ही 18 एवं 19 वर्ष के पहलवान मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर भाग ले सकेंगे।