पिपलियामंडी। क्षेत्र के ग्राम कनघटी में 25 एवं 26 जुलाई 2026 को दो दिवसीय सुपर संडे क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में मंदसौर, नीमच, प्रतापगढ़, मनासा, जावरा, चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता की विजेता टीम को 61,000, उपविजेता टीम को 21,000 तथा ओनर फीस के रूप में 11,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन शुल्क 250 निर्धारित किया गया है।
टूर्नामेंट के सभी मुकाबले टेनिस बॉल से 8-8 ओवर के खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम में ओनर एवं कप्तान सहित कुल 13 खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में आयोजन समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
आयोजन की विशेषता यह रहेगी कि दोनों दिनों में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था समाजसेवी दशरथ गुर्जर (खेड़ाखदान वाले) की ओर से की जाएगी। वहीं फाइनल मुकाबले की विजेता ट्रॉफी दशरथ गुर्जर (खेड़ाखदान) एवं मुकेश पाटीदार (बही पार्श्वनाथ) द्वारा संयुक्त रूप से भेंट की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाना है। समिति ने सभी ग्रामीणों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर टूर्नामेंट को सफल बनाने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।