छतरपुर। जिला के राजनगर कस्बे में बस स्टेंड से जल सेना तालाब तक लगभग 40 लोगों के सड़क किनारे बने मकानों एवं दुकानों को प्रशासन ने अल्टीमेटम उपरांत आज नगर परिषद राजनगर एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में तोड़ दिया गया है। जैसे ही आज सुबह प्रशासन ने बस स्टेंड पर जे. सी.बी. मशीनें खड़ी की वैसे ही लोगों ने अपने मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया।
राजनगर में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में स्थानीय दुकानदारों ने स्वयं सहयोग किया। वे अपनी अनाधिकृत दुकानें खुद ही हटा रहे हैं।
राजनगर तहसीलदार धीरज गौतम ने बताया कि नगर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुकानदारों को एक महीने का समय दिया गया था। सड़क के दोनों तरफ से 15 से 18 फीट तक का अतिक्रमण हटाया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई 30 से 35 फीट हो जाएगी। यह कदम यातायात जाम की समस्या को हल करने के लिए उठाया गया है।
स्थानीय निवासी अलीराजा हुसैन ने बताया कि उन्हें 15-20 दिन पहले अतिक्रमण हटाने की सूचना मिली थी। वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटा रहे हैं। नगर परिषद के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।
वार्ड नंबर 8 के निवासी अब्दुल गफ्फार हुसैन ने कहा कि उन्हें अतिक्रमण हटाने का नोटिस मिला था। हालांकि नोटिस में यह स्पष्ट नहीं था कि कितनी जगह खाली करनी है। उनके पास सभी वैध कागजात होने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई। फिर भी उन्होंने प्रशासन का सहयोग करते हुए अपनी दुकानें स्वयं हटा दीं।