मंदसौर। 1 सितंबर को गांधी चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने वोट अधिकार सत्याग्रह जनसभा का आयोजन होगा। इस जनसभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी संबोधित करेंगे। तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह गुर्जर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। जिलाध्यक्ष गुर्जर ने बताया कि जनसभा में किसानों की बीमा राशि का भुगतान न होना, सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग से हुए नुकसान का मुआवजा और वोट चोरी जैसे प्रमुख मुद्दे उठाए जाएंगे। विधायक विपिन जैन ने कहा कि यह जनसभा लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का आंदोलन है। पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल ने ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की जरूरत बताई। पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश रातडिया ने शराब की बढ़ती बिक्री पर चिंता जताई। बैठक में परशुराम सिसौदिया, मनजीत सिंह टुटेजा, राजेश रघुवंशी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।