बघाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सफलता मिली।
मामला 23 अप्रैल 2022 का है। एक व्यक्ति ने बघाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। पुलिस ने साइबर और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पीड़िता को अलवर के बाणसूर थाना क्षेत्र की काना वाली ढाणी के रहने वाले नरेश कुमार कश्यप के मकान से बरामद किया। पीड़िता के मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई। टीम ने आरोपी के घर पर पांच बार दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। अंततः साइबर सेल की मदद से 22 वर्षीय आरोपी नरेश उर्फ नरेश कुमार को महाराष्ट्र के इचलकरंजी से पकड़ा गया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया।
इस गिरफ्तारी में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उप निरीक्षक रामकिशन सिंघावत समेत साइबर सेल की टीम का योगदान रहा।