मनासा। कुकड़ेश्वर के शीत ऋतु की शुरुआत के साथ ही शासकीय हाई स्कूल जूनापानी में मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। पिलोदिया परिवार, कुकड़ेश्वर द्वारा विद्यालय में नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक के बच्चों को निःशुल्क स्वेटर वितरित किए गए। इस पहल से न केवल बच्चों को ठंड से बचाव मिला, बल्कि उनके मन में विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आत्मीयता एवं विश्वास भी बढ़ा।
हेमलता पिलोदिया को विद्यालय परिवार का अभिनंदन
स्वेटर वितरण के इस आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए विद्यालय परिवार ने हेमलता पिलोदिया का हृदय से अभिनंदन किया। बच्चों के प्रति दिखाए गए संवेदनशील और प्रेरणादायी योगदान की सभी ने सराहना की।
विद्यालय के अनुसार, उनका यह कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला और सभी के लिए अनुकरणीय है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सतत सेवाभाव के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति-
स्वेटर वितरण कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रमोद कुमार चौहान, प्रभारी प्राचार्य नारायण दायमा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उक्त जानकारी विद्यालय के शिक्षक अंबालाल गुर्जर द्वारा प्रदान की गई।