चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना मंगलवाड़ एवं ए.एन.टी.एफ. चित्तौड़गढ़ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं धरपकड़ अभियान के अंतर्गत एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
प्रोबेशनर आरपीएस एवं थाना प्रभारी मुकेश कुमार, पुलिस जाप्ता तथा ए.एन.टी.एफ. इंचार्ज उप निरीक्षक परवेज खान को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर चित्तौड़गढ़दृउदयपुर नेशनल हाईवे पर सिरमौर भोजनालय के पीछे सरहद राती मंगरी क्षेत्र में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान सिरमौर होटल के पीछे प्लास्टिक का कट्टा लेकर भाग रहे एक व्यक्ति को डिटेन किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 19 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी दलीचंद पुत्र उदय सिंह रावत, निवासी गाडरियावास (हिंता), थाना भीण्डर, जिला उदयपुर को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।