नीमच। इंदौर में दूषित पानी पीने से महिलाओं और बच्चों सहित 16 लोगों की असमय मृत्यु को लेकर जिला महिला कांग्रेस द्वारा गुरुवार को नीमच के विजय टॉकीज चौराहे पर कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कैंडल जलाकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर ने किया। उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
महिला कांग्रेस ने इस दुखद घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
कैंडल मार्च में चेतना लालका, बेबी मेहरा, दीपा तंवर, रानी साबिर मसूदी, अंजना सोनकर, मोनू लोक्स, ओम दीवान, अनिल चौरसिया, दिग्विजय सिंह (आमली खेड़ा), बृजेश सक्सेना, इलियास कुरैशी, राकेश सोन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।