नीमच। “नीमच जिला अस्पताल में इलाज के लिए पैसा नहीं, इसलिए भिक्षा दीजिए” इस संदेश के साथ दानपात्र लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेसजन नीमच की सड़कों पर निकले और मुख्य बाजारों के साथ-साथ जिला अस्पताल परिसर में पहुंचकर मरीजों के इलाज के लिए प्रतीकात्मक रूप से दान मांगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि जिला अस्पताल की खस्ता हालत की ओर जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह अनूठा विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि नीमच जिले के लिए यह बेहद शर्मनाक स्थिति है कि मरीजों को इलाज के लिए आवश्यक साधनों हेतु स्वयं पैसा देना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में खुलेआम मरीजों से राशि वसूली जा रही है, जो स्वास्थ्य जैसी मौलिक सुविधा से वंचित किए जाने के समान है।

बाहेती ने कहा कि कांग्रेस इस विरोध के माध्यम से जिले के विधायकों एवं सांसद का ध्यान जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की ओर आकर्षित करना चाहती है, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

गौरतलब है कि प्रदर्शन के दौरान कई नागरिकों ने मरीजों के उपचार हेतु दानपात्र में सहयोग राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
