कुकड़ेश्वर। कुकड़ेश्वर नगर के आमद रोड स्थित जूना खाकर देव शेष अवतार मंदिर पर विष्णु नारायण का 30वां महायज्ञ एवं नवरात्रि अनुष्ठान जनसहयोग से चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी व विशाल भंडारे का भी आयोजन रखा गया है। आयोजन को लेकर समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ कर दी गई हैं।
प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 19 मार्च, 26 मार्च, 27 मार्च एवं 28 मार्च को जूना खाकर देव मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह समस्त अनुष्ठान आचार्य पंडित अरुण शास्त्री के मुखारविंद से संपन्न होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च गुरुवार को घट स्थापना, 26 मार्च को जल यात्रा एवं अग्नि प्रवेश, 27 मार्च को अनुष्ठान एवं हवन-यज्ञ, तथा 28 मार्च शनिवार को पूर्णाहुति के साथ महाप्रसादी व विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
शेषावतार मंदिर के पुजारी राधेश्याम एवं मोतीलाल बिलोदिया ने नगर एवं आसपास के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।