नीमच। दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन दलित युवक तरुण खटीक की हत्या के विरोध में नीमच में खटीक समाज सहित सर्व समाज ने आक्रोश व्यक्त करते हुए ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और दिल्ली की मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन देकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि होली जैसे पावन पर्व पर हुई यह जघन्य घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। इस घटना से समाज में आक्रोश और भय का माहौल है तथा सामाजिक सद्भाव को भी आघात पहुंचा है।
समाजजनों ने मांग की कि सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषियों को कठोर दंड दिया जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की गई। ज्ञापन देते समय खटीक समाज सहित अन्य समाजों के लोग उपस्थित रहे।