नीमच। राम कथा आचार्य पंडित मनोहर नागदा महाराज काना खेड़ा वाले ने कहा कि ‘ॐ नमः शिवाय’ का सच्चे मन से जाप करने से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं और आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है। वे श्रीराम भक्त मंडल एवं समस्त भक्तगण कॉलोनी क्षेत्रवासियों द्वारा स्कीम नंबर 36 ए स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान गंगा के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे।
कथा के दौरान उन्होंने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं से ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर भागवत आचार्य पंडित घीसालाल नागदा के पुत्र एवं भजन गायक पुष्कर नागदा (नवलपुरा) ने “काशी मंगलम काशीनाथ मंगलम, उज्जैन में विराजमान महाकाल मंगलम, हर-हर भोले नमः शिवाय३” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भक्त भक्ति भाव में झूम उठे।
धार्मिक प्रसंगों का वर्णन
कथा के दौरान पंडित नागदा महाराज ने सती जन्म, सती विवाह, नारद मुनि, भगवान शिव का प्राकट्य, शिवलिंग का महत्व, शिव पुराण का महात्म्य, सृष्टि का प्रादुर्भाव, शिवलोक की प्राप्ति और आत्मा के कल्याण जैसे विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने शिव अमर कथा, सत्य-असत्य तथा धर्म से जुड़े नैतिक विषयों का वर्तमान समय में महत्व भी बताया।
कार्यक्रम के अंत में आरती और पोथी पूजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।